Faridabad/Alive News: संजय एन्क्लेव स्थित शिक्षा मन्दिर कॉन्वेंट स्कूल में सोमवार को गरिमामय “जनसेवा सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय के समक्ष प्रस्तावित टेलीकॉम टॉवर से जुड़े विषय पर क्षेत्रवासियों की चिंताओं को उचित मंच तक पहुँचाने तथा जनभावनाओं के सम्मान में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त करना था।
समारोह में एनआईटी-86 के विधायक सतीश कुमार फागना, वार्ड-8 के महेश लोहिया, वार्ड-7 के सुरेंद्र भड़ाना, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील पंचाल, समाजसेवी अनिल पोसवाल, पर्वतीय कॉलोनी पुलिस चौकी प्रभारी महेश तथा विजयपाल सहित कई सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और सम्मान-पत्र भेंट कर अभिनंदन किया गया।
शिक्षाविद् एवं समाजसेवी विद्यालय के निदेशक नंदराम पाहिल ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर समाज, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं का सम्मान और शांतिपूर्ण संवाद ही किसी भी सामाजिक विषय के सकारात्मक समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने शिक्षा, सामाजिक सौहार्द और जनहित के कार्यों में भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। समारोह का संचालन प्रभावशाली ढंग से किया गया। अंत में विद्यालय परिवार और संजय एन्क्लेव क्षेत्रवासियों की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

