June 6, 2026

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 87.60 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 87 लाख 60 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर थाना एनआईटी की टीम ने की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरजीत (23) निवासी मंदौली, दिल्ली और आकाशदीप (25) निवासी होशियारपुर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को दिल्ली से पकड़ा और 4 दिन के रिमांड पर लिया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी मुकुल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-21 के रहने वाले एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि अक्टूबर 2025 में यूट्यूब पर शेयर मार्केट से जुड़े एक विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया। वहां उसे 2000% मुनाफे का लालच दिया गया और IPO में निवेश के नाम पर अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए गए।

शिकायतकर्ता ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 87,60,000 रुपये भेज दिए, लेकिन उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला। इसके बाद साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस की सलाह:

  • बिना डीमैट अकाउंट के शेयर बाजार में निवेश संभव नहीं है।
  • केवल SEBI या RBI से रजिस्टर्ड कंपनियों के जरिए ही निवेश करें।
  • अनजान लिंक या ऐप के जरिए पैसे निवेश न करें।
  • ज्यादा मुनाफे के लालच में जल्दबाजी से बचें।

अगर किसी के साथ साइबर ठगी होती है, तो तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।