Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-15ए स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में रविवार सुबह उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब मंदिर के संचालन और अधिकार को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि झगड़े में एक व्यक्ति लक्ष्मण नाथ के सिर में चोट लग गई, जिन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल, मंदिर के बाहर पुलिस बल तैनात है ताकि पूजा-अर्चना नियमित रूप से जारी रह सके।
मंदिर स्थापना की पृष्ठभूमि
श्री जगन्नाथ मंदिर की स्थापना वर्ष 1978 में की गई थी। इसके बाद 1979 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा मंदिर की जमीन कलिंगा संस्कृतिक परिषद के नाम आवंटित की गई। मंदिर के व्यवस्थित संचालन के उद्देश्य से वर्ष 1986 में श्री जगन्नाथ कल्चरल सेंटर का गठन किया गया, जिसने बाद में मंदिर को भव्य रूप देने में अहम भूमिका निभाई।
चुनाव के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार, दिसंबर 2025 में श्री जगन्नाथ कल्चरल सेंटर की नई कार्यकारिणी का चुनाव हुआ, जिसमें नित्यानंद राउत को प्रधान चुना गया। वहीं, दूसरी ओर कलिंगा संस्कृतिक परिषद के पदाधिकारियों ने करीब तीन महीने पहले एक नया ट्रस्ट बना लिया, जिससे विवाद और गहरा गया।
दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे
कलिंगा संस्कृतिक परिषद के पदाधिकारियों का कहना है कि श्री जगन्नाथ कल्चरल सेंटर अवैध संस्था है और मंदिर संचालन का अधिकार उनके ट्रस्ट को होना चाहिए। वहीं, कल्चरल सेंटर के पदाधिकारी इस आरोप को खारिज करते हुए कहते हैं कि नया ट्रस्ट कुछ लोगों द्वारा मंदिर पर कब्जा करने की कोशिश है, जबकि मंदिर का निर्माण हजारों श्रद्धालुओं के सहयोग से हुआ है।
सोमवार को होगी सुनवाई
श्री जगन्नाथ कल्चरल सेंटर के प्रधान नित्यानंद राउत का कहना है कि उन्हें रजिस्ट्रार कार्यालय और अदालत से मंदिर संचालन की अनुमति प्राप्त है। वहीं, परिषद के प्रधान डॉ. पीकेएमके दास ने कहा कि वे इस मामले को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में चुनौती देंगे।
सेक्टर-15ए पुलिस चौकी प्रभारी शिवकुमार के अनुसार, दोनों पक्षों को सोमवार सुबह 10 बजे डीसीपी सेंट्रल के कार्यालय में बुलाया गया है, जहां मामले की सुनवाई कर समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।

