Faridabad/Alive News: 10 लाख रुपये की लॉटरी लगने का झांसा देकर 4,27,100 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने खाताधारक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के निवासी प्रकाश (34) और जीतेश (26) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने फेसबुक पर 200 रुपये की लॉटरी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद उसके व्हॉट्सऐप पर एक स्कैनर भेजा गया। शिकायतकर्ता ने उस पर 200 रुपये भेज दिए।
इसके बाद एक अज्ञात नंबर से उसके पास कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को लुधियाना की गांधी ब्रदर्स कंपनी का कर्मचारी बताया और कहा कि शिकायतकर्ता की 10 लाख रुपये की लॉटरी लगी है। लॉटरी की रकम दिलाने के नाम पर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए उससे कुल 4,27,100 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। बाद में उसे कोई रकम वापस नहीं मिली।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने प्रकाश और जीतेश को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि प्रकाश खाताधारक है और उसके बैंक खाते में ठगी की रकम में से 49,400 रुपये आए थे। प्रकाश ने अपना बैंक खाता जीतेश को दिया था और जीतेश ने यह खाता आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था।
पुलिस के अनुसार, प्रकाश तीसरी कक्षा तक पढ़ा है और ऑटो चलाता है, जबकि जीतेश 9वीं कक्षा तक पढ़ा है। प्रकाश को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि जीतेश को 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

