September 14, 2026

इंस्टाग्राम पर गिफ्ट भेजने का झांसा देकर महिला से ₹47,200 की ठगी, दुबई के ठगों को खाता देने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: इंस्टाग्राम पर जन्मदिन का गिफ्ट भेजने का झांसा देकर एक महिला से 47,200 रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी साहिल (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 13 सितंबर को राजस्थान के नागौर से गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पर्वतीय कॉलोनी निवासी महिला ने शिकायत दी थी कि 12 जुलाई 2026 को उसके इंस्टाग्राम पर जन्मदिन के मौके पर गिफ्ट भेजने का मैसेज आया था। अगले दिन एक व्यक्ति ने व्हॉट्सऐप कॉल कर खुद को मुंबई एयरपोर्ट पर मौजूद बताया। उसने गिफ्ट छुड़ाने के नाम पर महिला से अलग-अलग किस्तों में पैसे ट्रांसफर करवाए।

महिला ने अपने और अपने पति के बैंक खातों से 12 और 13 जुलाई को कुल 47,200 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद न तो कोई गिफ्ट या पार्सल मिला और न ही ठगों ने दोबारा संपर्क किया। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने साहिल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि साहिल ने खाताधारक अरुण का बैंक खाता केशव से लिया था और व्हॉट्सऐप के जरिए दुबई में मौजूद साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था।

पुलिस के मुताबिक, साहिल पहले दुबई के एक कॉल सेंटर में काम करता था। वहीं उसकी मुलाकात केशव से हुई थी। करीब चार महीने पहले साहिल को दुबई से डिपोर्ट किया गया था। इस मामले में खाताधारक अरुण और केशव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।