June 6, 2026

सबके सामने बच्चों की इज्जत का रखे खयाल

Faridabad/Alive News: छोटी-छोटी गलतियों पर बच्चों को डांटना आम बात है और इसमें कुछ हद तक गलत भी नहीं है।  लेकिन अक्सर हम यह भूल जाते हैं कि उस समय आसपास कौन मौजूद हैं। भीड़-भाड़ वाली जगह, रिश्तेदारों के सामने या स्कूल में डांटना बच्चे के मन पर ठेस का असर डाल सकता है।

बच्चों की छोटी छोटी गलतियों पर ज्यादा सख्ती नहीं समझदारी से करें व्यवहार  

जब बच्चे को सबके सामने डांटा जाता है, तो उसे बहुत बुरा लगता है। उसे लगता है कि उसकी इज्जत दूसरों के सामने कम हो गई है। धीरे-धीरे वह खुद को कम समझने लगता है। उसके अंदर शर्म और डर बैठ जाता है। यही चीज आगे चलकर उसके आत्मविश्वास को कमजोर कर देती है और वह हर काम में खुद पर शक करने लगता है।

डर से छिपाने लगते हैं बच्चे अपनी गलतियां

बार-बार पब्लिक में डांट खाने से बच्चा सीखने की बजाय बचने की कोशिश करता है। उसे लगता है कि अगर गलती बताई तो फिर सबके सामने डांट पड़ेगी। इसलिए वह अपनी गलतियां छिपाने लगता है। इससे वह खुलकर बात करना बंद कर देता है और माता-पिता से दूरी बनाने लगता है। धीरे-धीरे भरोसा भी कम होने लगता है, जो एक अच्छे रिश्ते की सबसे जरूरी चीज है।

डाट से बच्चे के स्वभाव में आ जाता है गुस्सा या डर

ऐसे बच्चों के व्यवहार में बदलाव दिखने लगता है। कुछ बच्चे बहुत चुप और डरपोक हो जाते हैं, तो कुछ जल्दी गुस्सा करने लगते हैं। उन्हें लोगों के बीच जाने से भी डर लग सकता है। ये बदलाव उनके दोस्ती, पढ़ाई और रोजमर्रा की जिंदगी पर असर डालते हैं।

बच्चो को समझाने का सही तरीका क्या हो सकता है?

अगर बच्चे से गलती हो जाए, तो उसे अकेले में प्यार से समझाना ज्यादा असरदार होता है। जब बच्चा खुद को सुरक्षित महसूस करता है, तब वह बिना डर के अपनी बात भी कहता है और गलती भी जल्दी समझता है। माता-पिता अगर धैर्य रखें और बच्चों से अच्छे से बात करें, तो रिश्ता मजबूत बनता है। बच्चा भी खुलकर अपने मन की बात बताता है और धीरे-धीरे बेहतर बनता जाता है।

पेरेंट्स जान लें, छोटी-सी समझ से बड़ा फर्क पड़ता है

बच्चों को सही-गलत सिखाना जरूरी है, लेकिन तरीका उससे भी ज्यादा जरूरी है। अगर हम थोड़ा सा ध्यान रखें कि कब और कैसे समझाना है, तो हम अपने बच्चे को डर नहीं, बल्कि आत्मविश्वास दे सकते हैं। यही छोटी-सी समझ उनके पूरे जीवन को बेहतर बना सकती है।