March 18, 2026

व्यावसायिक मार्गदर्शन सेमिनार के माध्यम से करियर व रोजगार के अवसरों की दी जानकारी

Faridabad/Alive News: उप-मण्डल रोजगार कार्यालय, बड़खल द्वारा इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट में व्यावसायिक मार्गदर्शन सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 100 छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने भाग लिया। सेमिनार का उद्देश्य युवाओं को करियर चयन, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर सहायक रोजगार अधिकारी डॉ. नेहा सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धात्मक दौर में युवाओं के लिए अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार सही करियर चुनना बेहद जरूरी है। उन्होंने होटल मैनेजमेंट से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी देते हुए आवश्यक कौशल विकसित करने पर जोर दिया।

उन्होंने छात्रों को एचआरईएक्स पोर्टल और एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया समझाई, ताकि वे अधिक से अधिक रोजगार अवसरों से जुड़ सकें। साथ ही रोजगार विभाग द्वारा आयोजित जॉब फेयर, प्लेसमेंट कैंप और अन्य योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

सेमिनार में तकनीकी शिक्षा, स्वरोजगार, कौशल प्रशिक्षण और विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप कार्यक्रम के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम में संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. संदीप लाहोरी, व्याख्याता आलोक कुमार सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे और उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।