March 9, 2026

युवा प्रतिभागी दिखाए अपनी प्रतिभा,  माई भारत पोर्टल पर करे पंजीकरण

Faridabad/Alive News:  फरीदाबाद में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन छह और सात नवंबर 2025 को डीएवी शताब्दी कॉलेज, फरीदाबाद के सभागार में किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए राजकीय आईटीआई फरीदाबाद के प्रधानाचार्य भगत सिंह ने बताया कि युवा महोत्सव का उद्देश्य देश की लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण प्रदान करना तथा युवाओं में राष्ट्रीय एकता एवं जागृति की भावना को सुदृढ़ करना है।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा वित्त वर्ष 2025-26 में स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में 12 से 16 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसके तहत जिला स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 5 नवंबर 2025 तक “माई भारत” पोर्टल पर स्वयं का पंजीकरण करवा सकते हैं तथा प्राप्त यूनिक आईडी के साथ अपना आवेदन पत्र राजकीय आईटीआई फरीदाबाद में जमा करवाना अनिवार्य होगा। प्रतिभागी जिला फरीदाबाद के स्थायी निवासी हों तथा 1 सितंबर 2025 को उनकी आयु 15 से 29 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।

प्रधानाचार्य भगत सिंह ने बताया कि युवा महोत्सव में कुल 10 विधाओं साइंस मेला, लोक नृत्य, लोकगीत, कहानी लेखन, कविता, पेंटिंग, भाषण प्रतियोगिता, वाद्य यंत्र (एकल एवं समूह) आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। ग्रुप प्रतियोगिता में अधिकतम 13 प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे तथा प्रस्तुतियां ऐसी विधाओं में दी जाएंगी जो लोक परंपरा के संरक्षण में सहायक हों और लुप्त होने के कगार पर हों।

पुरस्कार वितरण संबंधी जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि समूह श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 3100 रुपये प्रति प्रतिभागी (अधिकतम 31000 रुपये) तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 2100 रुपये प्रति प्रतिभागी (अधिकतम 21000 रुपये) की इनाम राशि प्रदान की जाएगी।