July 30, 2026

दो दिन के लिए येलो अलर्ट, आज और कल भी भारी बारिश के आसार

Noida/Alive News मौसम विभाग के येलो अलर्ट के बीच मंगलवार दोपहर हुई तेज बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। करीब 11 बजे कुछ देर के लिए धूप निकली, लेकिन दोपहर एक बजे के बाद फिर बादल घिर आए। दो बजे के आसपास हल्की बूंदाबांदी के बाद अचानक तेज बारिश और तेज हवाएं चलने लगीं। बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव, होर्डिंग क्षतिग्रस्त होने और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। इससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और कई मार्गों पर लंबा जाम लग गया।

तेज बारिश के कारण सेक्टर-62, रजत विहार, सेक्टर-37 समेत कई इलाकों की सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव से पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को सड़क पार करने में कठिनाई हुई और उन्हें इस बात का डर बना रहा कि तेज रफ्तार वाहन पानी उछालकर उन्हें भीगा न दें। दोपहर दो बजे शुरू हुई बारिश काफी देर तक जारी रही, जिससे शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। कई स्थानों पर वाहन चालक घंटों तक जाम में फंसे रहे।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार और गुरुवार को भी जिले में तेज बारिश की संभावना है। दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, रविवार से 13 जुलाई तक अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है।