Faridabad/Alive News: वार्ड नंबर 26 में चाहे कोई भी मौसम हो कितनी भी बारिश हो हम जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं करेंगे। अगर वहां जलभराव हो तो होता रहे हमें कोई परवाह नहीं है। यह प्रशासन के अधिकारी और जनप्रतिनिधियों की सोच है। यह बात स्थानीय निवासियों ने कही।
स्थानीय निवासी मनीषा ने बताया कि वीर बाजार से रोशन को जोड़ने वाला एक मात्र मुख्य मार्ग है जिससे रोज़ाना हजारों लोग आवागमन करते हैं, लेकिन बारिश होते ही यह मार्ग बारिश के पानी से लबालब हो जाता है। जिस कारण लोगों को आवागमन करने में काफी परेशानी होती है।
इनका कहना है नगर निगम ने यह मुख्य मार्ग तो बना दिया , लेकिन पानी निकासी की व्यवस्था करना भूल गए। यह समस्या आज की नहीं, बल्कि कई वर्षों से बनी हुई है। कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन इस क्षेत्र में आज तक गंदे पानी और बारिश के पानी की निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। चुनाव के समय उम्मीदवार बड़े-बड़े वादे कर वोट तो ले लेते हैं, लेकिन उन वादों पर अमल करने का समय आते ही पीछे हट जाते हैं।
वहीं राहगीर रानी ने कहा कि बारिश के बाद इस मार्ग से गुजरना बेहद मुश्किल हो जाता है। हाल ही में वीर बाजार जाने वाले मार्ग पर पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है, जिससे चारों ओर कीचड़ फैल गया है। कीचड़ के कारण पैदल चलने वाले लोग फिसल रहे हैं, वहीं सड़क पर भरे बारिश के पानी से गुजरते वाहन पैदल यात्रियों पर पानी उड़ा रहे हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। इस क्षेत्र में आबादी का अनुपात पिछले 25 सालों में 70 प्रतिशत बड़ा है और सुविधा न मात्र की है।
स्थानीय निवासियों का मानना है कि हम लोग सिर्फ वोट के लिए इस्तेमाल किये जाते हैं। भविष्य में इस पर भी चर्चा होगी और वायदा खिलाफी करने वाले बाहर के नेताओं को क्षेत्र की राजनीति से बाहर रखा जाएगा। जैसा हाल रोशन नगर का है वैसा ही हाल विनय नगर का है। दोनों में कोई फर्क नहीं है।

