Faridabad/Alive News: वरिष्ठ आईएएस अधिकारी यशेंद्र सिंह ने फरीदाबाद नगर निगम आयुक्त का कार्यभार संभाल लिया है। निगम अधिकारियों ने कार्यालय पहुंचने पर उनका स्वागत किया।
पदभार संभालने के बाद यशेंद्र सिंह ने कहा कि फरीदाबाद के विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता होगी। शहर की सफाई व्यवस्था के साथ सड़क, सीवर, जल निकासी, पेयजल और स्ट्रीट इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाया जाएगा। अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर काम करते हुए लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं देने और विकास कार्यों में तेजी लाने का प्रयास किया जाएगा।
निगम आयुक्त ने अधिकारियों से शहर की वर्तमान स्थिति, चल रहे विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जनहित में काम करने के निर्देश दिए।
यशेंद्र सिंह के लिए फरीदाबाद नया शहर नहीं है। इससे पहले वे फरीदाबाद में HUDA प्रशासक के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे नागरिक उड्डयन विभाग में सलाहकार एवं विशेष सचिव और हरियाणा के कई जिलों में उपायुक्त के पद पर भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

