June 6, 2026

बैलगाड़ियों से हो रही थी यमुना रेती की चोरी, पुलिस ने 6 आरोपियों को पकड़ा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना तिगांव क्षेत्र में यमुना रेती चोरी करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से रेती से भरी 7 बैलगाड़ियां भी कब्जे में ली हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 18 मई को ERV-211 की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग बैलगाड़ियों में अवैध रूप से यमुना रेती भरकर ला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने माझांवली-तिगांव रोड पर कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को काबू कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र उर्फ बिट्टू, वीरेंद्र उर्फ लीले, दीपक, देशराज उर्फ देशी निवासी गांव तिगांव, रोहित उर्फ सोनू निवासी गांव बुआपुर और बिल्लू निवासी गांव मंझावली के रूप में हुई है।

पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी गढ़ी घाट और यमुना नदी के मंझावली क्षेत्र से चोरी करके रेती ला रहे थे। इसके बाद वह इस रेती को आसपास के इलाकों में बेच देते थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना तिगांव में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही मौके से 7 बैलगाड़ियों को भी जब्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।