June 6, 2026

फरीदाबाद में कुछ किलोमीटर की दूरी पर बदला मौसम का मिजाज, हीट मैप में दिखा बड़ा अंतर

Faridabad/Alive News:  क्या एक ही शहर में कुछ किलोमीटर की दूरी पर तापमान इतना बदल सकता है कि एक इलाका तपता हुआ महसूस हो और दूसरा उसके मुकाबले ठंडा? हमारी टीम द्वारा तैयार किए गए एक ‘लाइव हीट मैप’ ने इसी सवाल का जवाब दिया है।

मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे शहर के कई हिस्सों ओल्ड फरीदाबाद, एनआईटी, ग्रेटर फरीदाबाद और बल्लभगढ़ में तापमान का ग्राउंड सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान घनी आबादी, कंक्रीट और ट्रैफिक वाले क्षेत्रों की तुलना हरियाली और खुले इलाकों से की गई। नतीजों में साफ दिखा कि कुछ किलोमीटर की दूरी में ही तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक का अंतर मौजूद था।

डबुआ और जवाहर कॉलोनी जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में सड़कें, इमारतें और आसपास का वातावरण बेहद गर्म महसूस हुआ। यहां तापमान करीब 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर नहर पार स्थित वर्ल्ड स्ट्रीट, झाड़सेतली और खुले खेतों वाले क्षेत्रों में तापमान लगभग 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इन इलाकों में हरियाली और खुला वातावरण होने के कारण गर्मी अपेाकृत कम महसूस हुई।

सर्वे के नतीजे इस ओर इशारा करते हैं कि तेजी से बढ़ता कंक्रीट, घटती हरियाली और अनियोजित शहरीकरण शहर को ‘हीट आइलैंड’ में बदल रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक जिन क्षेत्रों में पेड़-पौधे कम और सीमेंट-कंक्रीट ज्यादा होता है, वहां जमीन और इमारतें गर्मी को अधिक समय तक रोककर रखती हैं, जिससे तापमान बढ़ जाता है।

अलाइव न्यूज़ का यह हीट मैप फरीदाबाद में बदलते शहरी वातावरण और उसके असर को समझने की एक कोशिश है, जो आने वाले समय में शहर की प्लानिंग और हरियाली बढ़ाने की जरूरत की ओर भी संकेत देता है।