March 19, 2026

नवरात्रों में पूजा-अर्चना से समाज में आती है सुख-समृद्धि : डॉ. राजेश भाटिया

Faridabad/Alive News: सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर, मार्किट नंबर-1 में नवरात्रि पर्व का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जो दिन चढ़ने के साथ लगातार बढ़ती गई। मंदिर प्रबंधन कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं।

नवरात्रि के प्रथम दिन भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार वोहरा एवं उनकी धर्मपत्नी चंचल वोहरा द्वारा मां की ज्योत प्रज्वलित की गई। इस अवसर पर मंदिर के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया ने उनका स्वागत किया।

इस मौके पर डॉ. राजेश भाटिया ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नवरात्रों का विशेष महत्व है और श्रद्धालु इन नौ दिनों को पूरी आस्था के साथ मनाते हैं। उन्होंने कहा कि मां की पूजा-अर्चना करने से व्यक्ति के दुख-दर्द दूर होते हैं और समाज में सुख-समृद्धि का वातावरण बनता है।

उन्होंने बताया कि मंदिर में नवरात्रों के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर में स्थायी गुफा को भी सजाया गया है, जहां पिंडी रूप में माता रानी के दर्शन होंगे। नौ दिनों तक मां के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना के साथ-साथ कीर्तन एवं भजन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

डॉ. भाटिया ने मंदिर प्रबंधन कमेटी के सभी सदस्यों का नवरात्रि की तैयारियों में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर जनक भाटिया, जान्हवी भाटिया, अर्चना नरूला, शैला कपूर, बंसी लाल कुकरेजा, रिंकल भाटिया, प्रेम बब्बर, भरत कपूर, अमित नरूला, सचिन भाटिया, आशिष अरोड़ा, रविंद्र गुलाटी, डॉ. अनिल मलिक सहित श्री सनातन धर्म महाबीर दल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।