March 8, 2026

सीवर लाइन के चलते रुका एलिवेटेड पुल का काम, दुकानदारों को भारी नुकसान

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के मोहना मार्ग पर बन रहे एलिवेटेड पुल का निर्माण पिछले एक महीने से रुका हुआ है। कारण है पुल के नीचे सीवर लाइन का आ जाना। इस वजह से पुल के लिए पिलर नहीं डाले जा पा रहे हैं।

करीब 225 करोड़ रुपये की लागत से सेक्टर-64 से दशहरा मैदान तक यह पुल बनाया जा रहा है। पुल के लिए 90 पिलर बनाए जाने हैं। ऊंचा गांव से मलेरना रोड कट और कल्पना चावला सिटी पार्क तक कुछ पिलर बन चुके हैं, लेकिन मलेरना कट से कल्पना चावला सिटी पार्क तक काम रुका है।

काम रुके होने से सड़क पिछले एक साल से पूरी तरह बंद है। लोग मजबूरी में दूसरी गलियों से होकर गुज़रते हैं। इससे उन्हें बहुत परेशानी हो रही है।

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि धूल-मिट्टी और रास्ता बंद होने से उनकी दुकानदारी बुरी तरह प्रभावित हुई है। एक दिन की कमाई अब मुश्किल से 5 हजार रुपये रह गई है।

दुकानदार केसा गुप्ता ने कहा कि उन्हें भारी आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है, इसलिए पीडब्ल्यूडी को जल्द काम पूरा करना चाहिए।

पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता प्रकाश लाल ने बताया कि फिलहाल सीवर लाइन को शिफ्ट करने का काम चल रहा है। उसके बाद पिलर डालने का काम दोबारा शुरू होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि तय समय यानी दो साल के भीतर पुल का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।