March 7, 2026

सेक्टर-12 खेल परिसर में महिलाओं ने दिखाया खेल कौशल और उत्साह

Faridabad/Alive News : उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा के निर्देशानुसार सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ग्रामीण व शहरी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी मिनाक्षी चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक, मानसिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के लिए 300 मीटर, 400 मीटर दौड़ व 5 किलोमीटर साइकिल रेस तथा 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर, डिस्कस थ्रो व 100 मीटर दौड़ आयोजित की गई।

डिस्कस थ्रो में पूजा प्रथम, सोनिया द्वितीय व मीना रानी तृतीय रहीं। म्यूजिकल चेयर में कोमल प्रथम, कुसुम द्वितीय व मधु तृतीय रहीं। 400 मीटर दौड़ में प्राची प्रथम, वंशिका द्वितीय व छाया तृतीय रहीं। 100 मीटर दौड़ में भारती प्रथम, सुदेश द्वितीय व सुमित्रा देवी तृतीय रहीं। 300 मीटर दौड़ में दृष्टि प्रथम, दिशा भड़ाना द्वितीय व मोनिका तृतीय रहीं, जबकि साइकिल रेस में चंचल प्रथम, अंशिका द्वितीय व रीमा तृतीय स्थान पर रहीं।

अंत में विजेताओं को क्रमशः 4100, 3100 व 2100 रुपये नकद पुरस्कार एवं प्रोत्साहन प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।