Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में ज्वेलरी दुकान से आभूषण चोरी करने के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, भगत सिंह कॉलोनी निवासी राजेश कुमार ने थाना शहर बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को एक महिला उनकी दुकान पर सोने के आभूषण देखने आई। महिला ने उन्हें बातों में उलझा लिया और जैसे ही दुकानदार दूसरी ज्वेलरी निकालने के लिए मुड़ा, उसने पहले से दिखाए गए असली टॉप्स चुरा लिए और उनकी जगह नकली टॉप्स रख दिए। इसके बाद वह वहां से फरार हो गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने चोरी की वारदात कबूल की है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस के अनुसार, महिला पहले भी इसी तरह की वारदातों में शामिल रही है और गुरुग्राम व फरीदाबाद में उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। करीब 3 महीने पहले ही वह जिला जेल फरीदाबाद से जमानत पर बाहर आई थी।

