Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में साइबर थाना NIT की टीम ने मोबाइल पर लिंक भेजकर बैंक खाते से पैसे निकालने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कथित तौर पर ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे आगे पहुंचाने के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल किया था। पीड़ित के खाते से 56 हजार रुपये निकाले गए थे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ग्रीन वैली, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 28 सितंबर 2026 को उसके मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही उसका मोबाइल फोन हैक हो गया। उसी दिन शाम को जब उसने अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया तो खाते से 56 हजार रुपये निकाले जाने का पता चला।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आदित्य त्रिवेदी निवासी देवरिया, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी शिवाय कॉलोनी, फरीदाबाद; साजन कुमार निवासी भागलपुर, बिहार, हाल निवासी गंगानगर, लुधियाना, पंजाब; और प्रवेश कुमार व पियुष निवासी मदनपुर खादर, दिल्ली, हाल निवासी हरिनगर, जैतपुर, दिल्ली को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आदित्य त्रिवेदी ने अपना बैंक खाता टेलीग्राम के जरिए साजन कुमार को दिया था। इसके बाद साजन ने यह खाता प्रवेश कुमार और पियुष को उपलब्ध कराया। आदित्य के बैंक खाते में साइबर ठगी के 24 हजार रुपये आए थे। पुलिस के मुताबिक, पियुष खाते में आई ठगी की रकम निकलवाकर आगे ठगों तक पहुंचाता था।
पुलिस ने चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

