May 17, 2024

सारी रात बीच पर क्यों थीं नाबालिग बच्चियां, गैंगरेप मामले में सीएम प्रमोद सावंत के बयान पर मचा बवाल

Panaji/Alive News : गोवा के समुद्र तट पर दो नाबालिग लड़कियों के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। दुष्कर्म मामले में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत द्वारा दिए गए बयान ने पूरे देश में बवाल मचा दिया है।

दरसअल, मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बुधवार को विधानसभा में ध्यानाकर्षण नोटिस पर चर्चा के दौरान कहा कि जब 14 साल के बच्चे पूरी रात समुद्र तट पर रहते हैं, तो माता-पिता को आत्ममंथन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम सरकार और पुलिस पर सारी जिम्मेदारी नहीं डाल सकते। प्रमोद सावंत के इस बयान को लेकर विपक्ष उन पर हमलावर हो गया है और विपक्ष ने इसे शर्मनाक बताया है। वहीं प्रमोद सावंत गोवा के गृह विभाग की भी जिम्मेदारी संभाल रहे है। उन्होंने कहा कि अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना माता-पिता की जिम्मेदारी है और उन्हें अपने नाबालिग बच्चों को रात-रात भर बाहर नहीं रहने देना चाहिए।

मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस की गोवा इकाई के प्रवक्ता अल्टोन डी कोस्टा ने मुख्यमंत्री के बयान के बाद कहा कि तटीय राज्य में कानून एवं व्यवस्था स्थिति बिगड़ गई है। रात में बाहर घूमते हुए हमें क्यों डरना चाहिए? अपराधियों को जेल में होना चाहिए और कानून का पालन करने वाले नागरिकों को बाहर आजादी से घूमना चाहिए। वहीं गोवा फॉरवर्ड पार्टी के विधायक विजय सरदेसाई ने कहा, ‘ यह शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री इस तरह के बयान दे रहे हैं। नागरिकों की सुरक्षा पुलिस तथा राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। अगर वह हमें सुरक्षा नहीं दे सकते तो मुख्यमंत्री को पद पर बने रहने का कोई हक नहीं है।’

ये है पूरी घटना
बता दें, कि रविवार को गोवा की राजधानी से करीब 30 किलोमीटर दूर बेनॉलिम बीच पर चार लोगों ने अपने आप को पुलिसकर्मी बताकर दोनों लड़कियों से कथित तौर पर बलात्कार किया। उन्होंने लड़कों की पिटाई भी की। चारों आरोपियों में से एक सरकारी कर्मचारी है। सावंत ने विधानसभा में बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।