March 8, 2026

शराब पीने से रोका तो युवक पर किया लाठी-डंडों से हमला

Faridabad/Alive News : फरीदाबाद की इंदिरा कॉलोनी इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, यहां ड्यूटी से लौट रहे एक युवक राजाराम मौर्य पर चार युवकों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित को बल्लभगढ़ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से डॉक्टरों ने उसे बी.के. अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।

राजाराम ने बताया कि जब वह ड्यूटी के बाद अपने घर लौटा तो देखा कि उसके घर के दरवाजे पर चार युवक बैठकर शराब पी रहे हैं, जब उसने उन्हें वहां शराब पीने से मना किया तो युवको ने उसके साथ गाली-गलौज की और उस पर हमला कर दिया। घायल युवक का आरोप है कि हमलावरों के हाथों में चाकू और अन्य हथियार भी थे।

घायल युवक राजाराम का कहना है कि आरोपी उसे रेलवे लाइन की ओर घसीट कर ले जा रहे थे उनकी नियत उसे जान से मारने की थी। पीड़ित के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़ित ने बताया कि  वह हमलावरों को जानता नहीं है, लेकिन रोजाना वहां 10-12 लोग इकट्ठा होकर शराब पीते हैं और नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं।

पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से न्याय, अपनी सुरक्षा तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ये लोग किसी पर इस तरह की घटना ना करें।

फिलहाल, पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दे दी है और पुलिस ने भरोसा दिया कि अपराधियों को बख्शा नहीं जायेगा।