April 28, 2024

वार्ड-5 की पार्षद ललिता यादव और स्थानीय निवासियों ने निगमायुक्त कार्यालय पर किया कब्जा, निगमायुक्त को घंटो करना पड़ा इंतजार

Faridabad/Alive News : वार्ड-5 की पार्षद ललिता यादव ने शुक्रवार को वार्ड वासियों के साथ मिलकर निगमायुक्त डॉक्टर गरिमा मित्तल के कार्यालय पर कब्जा कर लिया। जिसके बाद निगमायुक्त को अपना कार्यालय छोड़कर चीफ इंजीनियर रामजी लाल के कार्यालय में घंटो बैठना पड़ा। इस दौरान निगमायुक्त ने निगम से संबंधित कार्य भी रामजीलाल के कार्यालय में बैठकर किया।

बात दें, कि वार्ड 5 के स्थानीय निवासी पिछले कई सालों से सीवर ओवरफ्लो की समस्या और पीने के लिए स्वच्छ पानी की मांग को लेकर निगम मुख्यालय पर कई बार धरना प्रदर्शन कर चुके है। बावजूद इसके आज तक निगम अधिकारियों द्वारा उनकी समस्याओं का कोई स्थाई समाधान नही किया गया। समस्याओ के समाधान के नाम पर निगम अधिकारियों ने जनता को केवल आश्वासन ही दिया।

जिसके बाद आज यानी शुक्रवार को वार्ड 5 की सैकड़ो गुस्साई महिलाओं ने पार्षद ललिता यादव के साथ मिलकर पहले निगम मुख्यालय का घेराव किया। निगमायुक्त के कार्यालय में ना मिलने पर गुस्साई महिलाएं पार्षद ललिता यादव के साथ निगमायुक्त कार्यालय में जबरन घुस गयी और निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए निगमायुक्त कार्यालय में धरने पर बैठी वार्ड 5 की महिलाओं व पार्षद ललिता यादव को समझा बुझाकर बाहर निकलने की कोशिश की। लेकिन महिलाओं ने पुलिस प्रशासन की एक ना सुनी और अंत तक अपनी मांगो पर अड़ी रही।