Gurugram/Alive News: हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर हत्या, लूट, अपहरण और आर्म्स एक्ट समेत 17 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। वह दिल्ली में कैश वैन लूट और गुरुग्राम में बिजनेसमैन किडनैपिंग केस में भी वांछित था।
पुलिस के अनुसार, पालम विहार क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि झज्जर निवासी 23 वर्षीय नितिन चोरी की बाइक पर सेक्टर-93 इलाके से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सुबह करीब 4 बजे नाकाबंदी की।
जब पुलिस ने नितिन को रुकने का इशारा किया तो उसने सरेंडर करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से करीब सात राउंड गोलियां चलीं। आरोपी ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायर किए, जिनमें एक गोली एक पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जैकेट होने के कारण जवान की जान बच गई।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की तरफ से तीन राउंड फायर किए गए, जिनमें एक गोली नितिन के पैर में लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध पिस्तौल बरामद की है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि वह इलाके में किस वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था और उसे हथियार व बाइक किसने उपलब्ध कराई।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के मुताबिक, नितिन उद्योग विहार इलाके में हुए एक अपहरण मामले में वांछित था। मई महीने में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर आयुर्वेदिक दवाओं के एक कारोबारी का अपहरण किया था। बदमाशों ने कारोबारी को छोड़ने के बदले 7 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। आरोपी 20 हजार रुपए ले चुके थे और बाद में कारोबारी को द्वारका एक्सप्रेसवे पर छोड़कर फरार हो गए थे।
पुलिस ने बताया कि नितिन और उसके साथियों ने साल 2021 में दिल्ली में एक कैश वैन लूट की वारदात को भी अंजाम दिया था। उस मामले में वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
गुरुग्राम पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और पुराने मामलों की जांच कर रही है।

