September 3, 2026

दुनिया की भागदौड़ से दूर, कृष्ण की लीलाओं के करीब ले जाएगा वीआर

जन्माष्टमी पर इस्कॉन मंदिर में तकनीक और अध्यात्म का अनोखा संगम, 3डी गॉगल्स से महसूस करेंगे दिव्य संसार

Faridabad/Alive News: इस बार जन्माष्टमी का पर्व सेक्टर-37 स्थित इस्कॉन मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए खास अनुभव लेकर आएगा। इस्कॉन के 60 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मंदिर में वर्चुअल रियलिटी (वीआर) के माध्यम से भगवान कृष्ण की लीलाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। 3डी गॉगल्स और प्रोजेक्टर  के जरिए श्रद्धालु कृष्ण की दिव्य लीलाओं का ऐसा अनुभव ले सकेंगे, जिसमें उन्हें लगेगा कि वे स्वयं उस आध्यात्मिक संसार का हिस्सा हैं।

मंदिर के सदस्य विनय चावला ने कहा कि इस विशेष आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि लोगों को भौतिक और आध्यात्मिक जीवन के बीच का अंतर समझाना भी है। आज की भागदौड़ और तनाव भरी जिंदगी में लोग सुख और शांति की तलाश में लगातार भौतिक चीजों के पीछे भाग रहे हैं। हालांकि, तमाम सुविधाएं जुटाने के बाद भी मन को वास्तविक शांति नहीं मिल पाती। वीआर अनुभव के माध्यम से लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया जाएगा कि जब व्यक्ति भगवान और आध्यात्मिकता की ओर बढ़ता है तो उसे मन की शांति और वास्तविक सुख का अनुभव होता है। वहीं, केवल भौतिक वस्तुओं और इच्छाओं के पीछे भागने से व्यक्ति धीरे-धीरे आध्यात्मिकता से दूर होता जाता है और मानसिक अशांति बढ़ती है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन के दौरान कृष्ण की लीलाओं में अभूतपूर्व अनुभव कराने के साथ श्रद्धालुओं को आध्यात्मि जीवन की ओर बढ़ने का संदेश दिया जाएगा। साथ ही तकनीक और आध्यात्मिकता के इस अनोखे मेल के जरिए कृष्ण की दिव्य लीलाओं को नए अंदाज में महसूस कर सकेंगे।