Noida/Alive News: प्राधिकरण की नई योजना के तहत शहर के 20 प्रमुख चौराहों और व्यस्त ट्रैफिक मार्गों पर वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले (वीएमडी) बोर्ड लगाए जाएंगे।
इन डिस्प्ले बोर्डों के माध्यम से वाहन चालकों को रियल टाइम ट्रैफिक जानकारी उपलब्ध होगी। प्राधिकरण ने तीन दिनों के भीतर इन डिस्प्ले बोर्डों को स्थापित करने की योजना बनाई है, जिनका मदरबोर्ड आइटीएमएस से सीधे कनेक्ट होगा। इनकी मानिटरिंग सेक्टर-94 के कमांड कंट्रोल रूम से की जाएगी।
बोर्ड दो अलग-अलग साइज में लगाए जाएंगे। इसमें 3.8 गुणा 1.9 मीटर और 2.8 गुणा 1.9 मीटर। इन पर ट्रैफिक डायवर्जन, जाम की स्थिति, प्रदूषण, घटनाओं और ग्रीन कॉरिडोर की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।
500 मीटर की दूरी से देखा जा सकेगा संदेश
डिस्प्ले को नोएडा के प्रवेश और निकासी द्वारों पर भी स्थापित किया जाएगा। इन डिस्प्ले बोर्डों की पिक्सल क्षमता 15625 होगी, जिससे रियल टाइम वीडियो, टेक्स्ट मैसेज और ग्राफिक्स को 500 मीटर की दूरी से देखा जा सकेगा।
इसके ऊपर एक कैमरा भी स्थापित किया जाएगा, जो रियल टाइम जानकारी कंट्रोल रूम को भेजेगा। वीएमडी बोर्ड स्टेडियम चौराहा, माडल टाउन, कालिंदी ब्रिज, यमुना ब्रिज ओल्ड, चिल्ला गेट-1, चिल्ला गेट-2, डीएलएफ माल, हाजीपुर चौराहा, झुंडपुरा, ओकाया चौराहा, रजनीगंधा चौराहा, 22-56 चौराहा, बोटेनिकल गार्डन, एलिवेटेड रोड, मयूर स्कूल, सेक्टर-52 मेट्रो, एनएसईजेड फूल मंडी रोड, डीएनडी, पर्थला चौराहा, श्रमिक कुंज पर लगाया जाएगा।

