Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने केंद्रीय बजट 2026–27 का स्वागत करते हुए इसे Reforms over Rhetoric की भावना को ज़मीन पर उतारने वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि ठोस नीतिगत सुधारों के माध्यम से तेज़, टिकाऊ और समावेशी विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।
गोयल ने कहा कि फिस्कल डेफिसिट को जीडीपी के लगभग 4.3–4.4 प्रतिशत के दायरे में रखना सरकार की जिम्मेदार आर्थिक सोच को दर्शाता है। वहीं 12.2 लाख करोड़ रुपये के सार्वजनिक पूंजीगत व्यय से रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि Make in India 2.0, सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, बायोफार्मा शक्ति योजना और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में निवेश से भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। MSME सेक्टर के लिए ₹10,000 करोड़ का ग्रोथ फंड छोटे उद्योगों को विस्तार का अवसर देगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर को बजट की रीढ़ बताते हुए उन्होंने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, नेशनल वाटरवेज़ और हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं से लॉजिस्टिक्स लागत घटेगी और निजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
हरियाणा के लिए बजट को महत्वपूर्ण बताते हुए गोयल ने कहा कि फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत, पानीपत, रोहतक और हिसार जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
अंत में उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026–27 विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला दूरदर्शी और परिणामोन्मुखी बजट है, जो हरियाणा में निवेश, रोजगार और समृद्धि के नए द्वार खोलेगा।

