November 22, 2026

कैबिनेट ने इंदिरा, मिलाड और संजय कॉलोनी के विकास का दिया भरोसा, 160 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास

Vipul Goyal inaugurates community centre in Indira Colony Faridabad.

Faridabad/Alive News: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने रविवार को इंदिरा, मिलाड और संजय कॉलोनी में विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिया। उन्होंने इंदिरा कॉलोनी में करीब 95 लाख रुपये की लागत से तैयार कम्युनिटी सेंटर का उद्घाटन किया और विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

विपुल गोयल ने कहा कि इन कॉलोनियों में सड़क, नाली, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए करीब 160 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले छह महीनों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कम्युनिटी सेंटर के संचालन के लिए ट्रस्ट बनाया जाएगा और कार्यक्रमों के लिए 5,100 रुपये शुल्क निर्धारित किया जाएगा। इसके अलावा, गंदगी वाले स्थान को दो महीने में पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां झूले, बेंच और ओपन जिम की सुविधा होगी।

मिलाड कॉलोनी के विकास के लिए एमएल शर्मा ने 2.5 करोड़ रुपये देने का आश्वासन दिया है। वहीं, बच्चों की पढ़ाई और स्थानीय स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए ओमेक्स कंपनी अगले तीन महीने में 14 कमरों का अस्थायी स्कूल भवन और डिस्पेंसरी तैयार करेगी।

इस अवसर पर पार्षद मुकेश अग्रवाल, सचिन शर्मा, अजित नंबरदार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।