May 3, 2024

पशु तस्करी हत्या मामले में विहिप नेता रामगढ़ में गिरफ्तार

Alwar/Alive News : आज से करीब तीन साल पहले राजस्थान के अलवर जिले में पशु तस्करी के संदेह में रकबर उर्फ अकबर खान की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। हत्या मामले में विश्व हिंदू परिषद के एक स्थानीय नेता को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में यह पांचवीं गिरफ्तारी है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इससे पहले पुलिस ने वर्ष 2019 में चार आरोपियों परमजीत सिंह, नरेश शर्मा, विजय कुमार और धर्मेंद्र यादव के खिलाफ अरोपपत्र दायर किया था। अकबर खान के हत्या मामले में अभी कोर्ट में अंतिम बहस होनी बाकी है। मिली जानकारी के अनुसार अलवर की एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि विहिप नेता नवल किशोर शर्मा को तीन-चार दिन पहले रामगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया था और 10 दिन की पुलिस रिमांड पर रखा गया है।

अकबर और उसके साथी असलम को बीते वर्ष 2018 में भीड़ ने गायों की तस्करी के संदेह में जमकर पिटा, जिससे रकबर की मौत हो गई। जबकि असलम किसी तरह बच निकला। रकबर के परिवारवालों ने आरोप लगाया था कि रामगढ़ में गौ रक्षा सेल के प्रमुख नवल किशोर शर्मा ने इस भीड़ की अगुवाई की थी।