September 15, 2026

वाहन चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा AVTS की टीम ने की है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रफीक (22), निवासी गांव धोज, के रूप में हुई है। उसे थाना मुजेसर में दर्ज वाहन चोरी के एक मामले में पकड़ा गया है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता आशिक, निवासी सरूरपुर, ने बताया कि 30 मार्च को उसने अपनी मोटरसाइकिल घर की गैलरी में खड़ी की थी और वहीं अपना मोबाइल फोन चार्ज पर लगाया हुआ था। इसी दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन चोरी कर ले गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रफीक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल धौज इलाके से बरामद कर ली है। आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।