Rewari/Alive News: हरियाणा के रेवाड़ी में केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने एक कार्यक्रम के दौरान SDM को सार्वजनिक रूप से फटकार लगा दी। मामला कोसली के विधायक अनिल यादव के नाम को लेकर पैदा हुए विवाद का है।
राव तुलाराम स्टेडियम में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान SDM ने मंच से नाम लिया। राव इंद्रजीत को लगा कि SDM ने विधायक का नाम अनिल यादव की जगह सुनील यादव बोल दिया। इस पर उन्होंने कहा “SDM साहब, आपने गलत नाम लिया। पब्लिक के सामने नाम लेना हो तो लिखकर ले आया करो। जनता के चुने नुमाइंदों के नाम तो याद रखने चाहिए।”
SDM का जवाब
जब SDM सुरेश से मीडिया ने बात की तो उन्होंने कहा “मैंने अनिल ही बोला था। इसकी पूरी रिकॉर्डिंग है, सुन सकते हैं। शायद सुनने में गलती हुई होगी। मैंने मंत्री जी को भी बता दिया है कि मैंने सही नाम ही लिया था।”
राव इंद्रजीत ने अधिकारियों को दी नसीहत
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा—
• “हम लोकतंत्र में पब्लिक सर्वेंट हैं, चाहे नेता हों या अधिकारी।”
• “नेताओं को हर 5 साल बाद जनता के सामने परीक्षा देनी होती है, लेकिन अधिकारी सिर्फ एक बार परीक्षा देकर 30–35 साल नौकरी करते हैं।”
• “अधिकारियों को जहां नौकरी कर रहे हों, वहां के जनप्रतिनिधियों के नाम याद रखने चाहिए।”
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद तीन विधायकों रेवाड़ी से लक्ष्मण सिंह, बावल से कृष्ण कुमार और कोसली से अनिल यादव के नाम गिनाकर SDM को फिर समझाया कि नाम बोलने से पहले सुनिश्चित करना चाहिए।
अंत में उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को सम्मान देना जरूरी है, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी निर्देश है।

