March 8, 2026

फरीदाबाद में स्वच्छता अभियान को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर की बैठक

Faridabad/Alive News: हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने अरावली गोल्फ क्लब फरीदाबाद में नगर निगम अधिकारियों, विधायकों और पार्षदों के साथ बैठक की।

बैठक का उद्देश्य अभियान को तेज़ी से आगे बढ़ाना और वार्ड स्तर की समस्याओं का तुरंत समाधान करना था। मंत्री ने निर्देश दिए कि निगम के सभी अधिकारी एक-एक वार्ड को गोद लें और रोजाना निरीक्षण करें, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वच्छ शहर के सपने को साकार करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। साथ ही, जहां-जहां स्ट्रीट लाइट नहीं हैं, वहां तुरंत लगाई जाएं ताकि शहर जगमग हो सके।

बैठक में विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि जब तक नागरिक जागरूक नहीं होंगे, तब तक शहर स्वच्छ नहीं बन सकता। सभी को मिलकर लोगों और व्यापारियों को जागरूक करना होगा कि वे कूड़ा केवल डस्टबिन में डालें। विधायक सतीश फागना ने कहा कि पार्षद और प्रशासन मिलकर सफाई व्यवस्था पर अधिक ध्यान दें। विधायक धनेश अदलखा ने हरियाली बढ़ाने और सड़कों से मलबा हटाने पर जोर दिया।

नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि निगम इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शहर के पार्कों में ओपन जिम, झूले और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांगों पर जल्द कार्रवाई होगी।

इस मौके पर विधायक मूलचंद शर्मा, विधायक धनेश अदलखा, विधायक सतीश फागना, निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और पार्षदगण मौजूद रहे।