April 2, 2025

केंन्द्रीय राज्य मंत्री ने स्वतंत्रता दिवस समारोह पर युद्ध वीरागंनओ और शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित

Faridabad/Alive News : केंन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने सोमवार को बल्लभगढ़ दहशरा ग्राउंड में 76 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह पर ध्वजारोहण करके परेड की सलामी ली। इसके बाद पुलिस पुरूष व महिला वर्ग, होमगार्ड, एनसीसी, भारत स्काउट्स एंड गाइड तथा प्रजातंत्र के प्रहरियों ने मार्च पास्ट किया। विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने बेहतर योगा और राष्ट्र भक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी।

इस दौरान केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने अपने सम्बोधन में उपस्थित लोगों को कहा कि यह दिन हर भारतवासी के लिए हर्षोल्लास का दिन है। आज हर गली, हर मोहल्ले में तिरंगा है, हर घर हर दफ्तर में तिरंगा है, हर वाहन, हर हाथ में तिरंगा है। पूरा देश तिरंगे के रंगों में रंगा है, देशभक्ति के रंग में रंगा है।

उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि 1857 की क्रांति सबसे पहले अम्बाला छावनी से शुरू हुई थी। यहां से उठी चिंगारी ने न केवल प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का रूप धारण कर ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन का अंत किया, बल्कि आगे चलकर ऐसा जन-आन्दोलन खड़ा कर दिया, जिसके बलबूते पर भारतीय 1947 में अंग्रेजी हुकूमत को उखाड़ फेंकने में सफल रहे।

कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि जिला परिषद के अध्यक्ष को डीआरडीए का चेयरमैन बनाया है। सरकार ने नगर निकायों को शक्तियों के विकेंद्रीकरण के लिए कई कदम उठाए हैं। शहरी निकायों को मजबूत करने के लिए मेयर का प्रत्यक्ष चुनाव करवाया जाता है। पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए सम्पत्ति के पंजीकरण पर स्टाम्प शुल्क का दो प्रतिशत राजस्व इन्हें प्रदान किया गया है। शहरों में आधारभूत संरचना सुदृढ़ बनाने की दिशा में करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पंचकूला को स्मार्ट सिटी बनाया जा रहा है। प्रदेश में पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल रही है। ‘म्हारा गांव जगमग गांव योजना’ के तहत प्रदेश के लगभग 80 प्रतिशत यानि लगभग 5600 गांवों को 24 घण्टे बिजली दी जा रही है।