March 8, 2026

केन्द्रीय राज्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया नि:शुल्क जल सेवा टैंकर का शुभारंभ 

Faridabad/Alive News: आज शनिवार को सूरजकुंड स्थित लेकवुड सिटी सोसाइटी में नि:शुल्क टैंकर जल सेवा के लिए शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह सेवा समाज के जरूरतमंद वर्ग को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई है। इस अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और निशुल्क टैंकर जल सेवा का हरी झंडी दिखाकर विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सेवा “हर घर जल” संकल्प की दिशा में एक सराहनीय कदम है, जिससे अनेक परिवारों को लाभ मिलेगा।

केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री ने फरीदाबाद शहर में पेयजल संकट की वर्तमान स्थिति पर विशेष ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि एनआईटी और बड़खल विधानसभा क्षेत्र ऐसे दो क्षेत्र हैं जहां पानी की उपलब्धता को लेकर लंबे समय से चुनौतियां बनी हुई हैं। इस गंभीर समस्या का संज्ञान प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वयं लिया है और इन दोनों क्षेत्रों में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 250 करोड़ रुपये के विशेष बजट को स्वीकृति दी है।

गुर्जर ने बताया कि इस बजट के माध्यम से नई पाइप लाइनें बिछाई जाएंगी, पुराने जल स्रोतों का नवीनीकरण किया जाएगा और आधुनिक तकनीकों की मदद से जल वितरण व्यवस्था को प्रभावशाली बनाया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि वर्ष 2026 तक एनआईटी और बड़खल विधानसभा क्षेत्रों में जल संकट की समस्या पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी। उन्होंने इस प्रयास को प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया तथा जनता से अनुरोध किया कि वे जल संरक्षण और जल प्रबंधन में भी सक्रिय भागीदारी करें।

नगर निगम मेयर प्रवीण जोशी, बड़खल विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनेश अदलखा ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इस निशुल्क जल सेवा जैसी सामाजिक पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद जैसे तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्र में जल संकट एक गंभीर चिंता का विषय है, और ऐसे में चरणजीत भड़ाना द्वारा उठाया गया यह कदम अत्यंत सराहनीय है।   
समाजसेवी चरणजीत भड़ाना ने सभी आए हुए गणमान्य लोगों का स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा नेता संदीप जोशी, निगम वार्ड 21 के पार्षद वीरेंद्र भड़ाना, उद्योगपति एवं समाजसेवी बी.आर. भाटिया, स्थानीय गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।