March 7, 2026

कैथल में चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में दिनदहाड़े फायरिंग

Kaithal/Alive News: हरियाणा के कैथल जिले में बाइक पर जा रहे चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने पहले सड़क पर एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर गोलियां मारीं। जान बचाने के लिए वह खेतों में भागा, लेकिन हमलावरों ने वहां भी पीछा नहीं छोड़ा और उसकी हत्या कर दी।

जब हमलावरों को उसकी मौत का यकीन हो गया, तो वे दूसरे युवक के पीछे गांव तक पहुंच गए और उसे भी गोलियों से भून दिया। इस तरह चाचा और भतीजे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना को देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कैथल की एसपी उपासना ने बताया कि सुबह पहले गांव जटेडी के पास एक हत्या की सूचना मिली और कुछ समय बाद गांव पाई में दूसरी हत्या की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि दोनों मृतक आपस में चाचा-भतीजा थे।

मृतकों की पहचान राजेंद्र और उसके भतीजे वीरभान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वीरभान अमावस्या के दिन अपने खेत में पितरों की पूजा करने गया था। वहीं से आरोपी उसका पीछा करने लगे। जब वह गांव पाई पहुंचा तो आरोपियों ने वहां उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है। एसपी ने बताया कि राजेंद्र का नाम 2012 में हुए एक मर्डर केस में 13 अन्य लोगों के साथ शामिल था, जिसमें उसे उम्रकैद की सजा हुई थी। वह 2018 में जमानत पर बाहर आया था और गांव में रहकर खेती-बाड़ी कर रहा था। इसी मामले को लेकर दूसरे पक्ष में रंजिश बनी हुई थी।

पुलिस ने यह भी बताया कि 2012 में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ था, जिसमें दो लोगों की हत्या हुई थी। उसी रंजिश में अब बदला लिया गया हो सकता है।

एसपी उपासना ने कहा कि मामले की जांच के लिए सीआईए की तीन टीमें लगाई गई हैं और डीएसपी क्राइम खुद जांच की निगरानी कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद हत्या की असली वजह साफ होगी और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।