Faridabad/Alive News: यूको बैंक का 84वां स्थापना दिवस सेक्टर-28 स्थित शाखा में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर शाखा परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक सोनम सिन्हा ने उपस्थित ग्राहकों, खाताधारकों एवं गणमान्य अतिथियों को संबोधित करते हुए सभी का स्वागत किया। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में केक काटकर बैंक के सभी स्टाफ सदस्यों को बधाई दी गई।
सोनम सिन्हा ने अपने संबोधन में यूको बैंक के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बैंक की स्थापना 6 जनवरी 1943 को कोलकाता में उद्योगपति घनश्याम दास बिरला द्वारा भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान की गई थी। बैंक की स्थापना का उद्देश्य एक सच्चा भारतीय स्वामित्व वाला राष्ट्रीय बैंक बनाना था, जो देश की आज़ादी की लड़ाई को मजबूती प्रदान कर सके। उन्होंने बताया कि वर्ष 1969 में राष्ट्रीयकरण के बाद यूको बैंक एक प्रमुख वाणिज्यिक बैंक के रूप में स्थापित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान रैनबो गैस सर्विस के निदेशक हेम सिंह राणा ने यूको बैंक की सामाजिक जिम्मेदारियों की सराहना करते हुए कहा कि बैंक सदैव समाज और जनता की सेवा के प्रति सजग रहा है। वहीं मंगला ट्रेडर्स के मालिक श्री धनेश मंगला ने बैंक के कार्यों और कर्मचारियों की सेवाभावना की प्रशंसा की।
इस अवसर पर बैंक द्वारा आमंत्रित सभी अतिथियों को पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम में बैंक प्रबंधन, स्टाफ सदस्य, खाताधारक एवं शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेकर स्थापना दिवस को यादगार बनाया।

