March 8, 2026

टेलिग्राम टास्क के नाम पर 2.19 लाख की ठगी, दो युवक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने टेलिग्राम टास्क के नाम पर ठगी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

आर्य नगर फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके पास व्हाट्सएप पर घर बैठे पैसे कमाने का मैसेज आया। लिंक पर क्लिक करने के बाद वह एक ग्रुप से जुड़ गया। पहले कुछ छोटे-छोटे टास्क दिए गए और पैसे वापस भी कर दिए गए। इसके बाद लालच में आकर उसने और अधिक कमाई के लिए टास्क पर कुल 2,19,100 रुपये ठगों के खाते में भेज दिए, लेकिन इस बार उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला।

शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गांव नूरपुरा के रहने वाले साहिल (18) और सचिन (19) इस मामले में शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पता चला कि साहिल ने सचिन का बैंक खाता ठगों को दिया था, जिसमें 50 हजार रुपये जमा हुए थे। सचिन 12वीं पास है और जयपुर में वेटर का काम करता है, जबकि साहिल 12वीं की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।