Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर एक चोरी का ऑटो बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना सेक्टर-58 में ऑटो चोरी की शिकायत दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहन, निवासी किले कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। आरोपी को जाट चौक, शाहुपूरा क्षेत्र से चोरी के ऑटो के साथ पकड़ा गया। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
वहीं, थाना खेड़ी पुल क्षेत्र में दर्ज ट्रैक्टर चोरी के एक अन्य मामले में अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने आरोपी शौकीन कुरैशी, निवासी गांव बड़खल, फरीदाबाद को बड़खल झील के पास से गिरफ्तार किया है। चोरी हुए ट्रैक्टर की बरामदगी के लिए आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
फरीदाबाद पुलिस ने कहा कि वाहन चोरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

