Faridabad/Alive News: जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद की दो छात्र टीमों ने भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित विश्व के सबसे बड़े ओपन इनोवेशन प्रतियोगिता स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (एसआईएच) 2025 के ग्रैंड फिनाले में स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है। दोनों टीमों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कठिन आइडिया स्क्रीनिंग के प्रथम चरण में सफलता प्राप्त की।
कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने दोनों चयनित टीमों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने छात्रों के नवाचारी विचारों, तकनीकी दृष्टि और प्रस्तावित समाधानों के सामाजिक प्रभाव की सराहना की साथ ही 8 एवं 9 दिसम्बर 2025 को धनबाद (झारखंड) और अहमदाबाद (गुजरात) में आयोजित होने वाले ग्रैंड फिनाले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
चयनित टीमों में पहली टीम ऑरा फार्मर्स है, जिसका नेतृत्व मानिक जुत्शी कर रहे हैं। टीम के अन्य सदस्य हिमांशु जैन, निखिल मिश्रा, खुशमीत कौर, ध्रुव आर्य और आदित गर्ग हैं। यह टीम इसरो की समस्या कथन “मोबाइल फोन मेजरमेंट्स का उपयोग कर सड़कों पर सुरक्षित स्वचालित नेविगेशन” पर कार्य कर रही है।
दूसरी टीम कैफीन ओवरफ्लो है, जिसकी टीम लीड संजीवन कुमार हैं। टीम में इशान्वी रीत, सृष्टि राठी, आरजू, तुषार भड़ाना और प्रमोद कुमार शामिल हैं। यह टीम स्मार्ट एजुकेशन श्रेणी की समस्या “स्मार्ट क्लासरूम एवं टाइमटेबल शेड्यूलर” पर कार्य कर रही है।
दोनों टीमों का मार्गदर्शन विश्वविद्यालय के इनोवेशन काउंसिल की अध्यक्ष डॉ. रश्मि अग्रवाल और स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन की सिंगल पॉइंट ऑफ कॉन्टैक्ट डॉ. पायल गुलाटी द्वारा किया जा रहा है।
कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने कहा कि प्रथम चरण में ही दोनों टीमों का चयन विश्वविद्यालय की नवाचारी संस्कृति और तकनीकी उत्कृष्टता का परिचायक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छात्र ग्रैंड फिनाले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय और देश का नाम रोशन करेंगे।

