Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने स्नैचिंग और झपटमारी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। अपराध शाखा की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और वारदात में इस्तेमाल किया गया एक ऑटो तथा 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अभय कुमार निवासी डिग, फरीदाबाद ने शिकायत दी थी कि 25 दिसंबर 2025 को वह डिग से बल्लभगढ़ जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुआ था। ऑटो में पहले से दो युवक बैठे हुए थे। रास्ते में कुछ दूरी तय करने के बाद दोनों युवकों ने उसका मोबाइल फोन और नकदी छीन ली और उसे धक्का देकर मौके से फरार हो गए।
इस मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने विजय कुमार निवासी बिलसी, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी आदर्श नगर, फरीदाबाद और राहिल मलिक निवासी मेन बाजार, बल्लभगढ़ को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो और 3 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
वहीं दूसरे मामले में थाना आदर्श नगर क्षेत्र की मलेरना निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह हुड्डा बाईपास रोड, मलेरना के पास खड़ी थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आए और उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। इस शिकायत पर थाना आदर्श नगर में मामला दर्ज किया गया।
अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिओम, निवासी राव कॉलोनी, बल्लभगढ़, हाल निवासी साहुपुरा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

