Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ बस स्टैंड पर रोडवेज चालक के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायत में बताया गया कि जब हरियाणा रोडवेज की बस आगरा के लिए सवारियां ले रही थी, तभी एक प्राइवेट बस का चालक और परिचालक आए और जबरन सवारियों को उतारने लगे। सरकारी बस के चालक व परिचालक ने इसका विरोध किया तो दोनों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इस मामले में थाना सिटी बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया। जांच के बाद पुलिस ने पंकज और कपिल नामक आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी मूल रूप से मथुरा (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं और फिलहाल बल्लभगढ़ के ऊंचा गांव में रह रहे थे।
पूछताछ में पता चला कि सवारी को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद हाथापाई हो गई। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर नियमानुसार कार्रवाई की है।

