Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखा AVTS की टीम ने ATM मशीन से छेड़छाड़ कर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान प्रवीन निवासी गांव कलसाडा और साद निवासी मरोखड़ा, जिला पलवल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5,000 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गौरव निवासी मुबारिकपुर, दिल्ली ने थाना सेक्टर-58 में शिकायत दी थी कि उनकी HITACHI कंपनी की ATM मशीन के साथ अज्ञात लोगों ने छेड़छाड़ कर धोखाधड़ी की है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में पता चला कि आरोपी ATM के कैश निकलने वाले हिस्से में लोहे की पतली पत्ती फंसा देते थे। इससे ग्राहक के पैसे बाहर नहीं निकलते थे और मशीन में ही अटक जाते थे। जब ग्राहक वहां से चला जाता था, तो आरोपी फंसे हुए रुपये निकालकर मौके से फरार हो जाते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

