Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने झपटमारी के एक मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने गौरव और राहुल निवासी गांव सुनपेड़, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटा गया फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-58 निवासी एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-58 में शिकायत दी थी कि वह सेक्टर-58 स्थित शराब के ठेके के पास पकौड़े की दुकान लगाता है। 29 सितंबर की रात दुकान बंद कर घर जाने के दौरान तीन युवक अपाचे मोटरसाइकिल पर आए और उसका फोन छीनकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने गौरव और राहुल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी वारदात के समय अपने दोस्त अजीत की मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे थे। वारदात के बाद तीनों मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस के मुताबिक, अजीत को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। राहुल और अजीत सगे भाई हैं, जबकि गौरव उनका बुआ का बेटा है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

