March 8, 2026

रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 1.62 लाख रुपये की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Fatidabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराध के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने एक व्यक्ति को उसके बेटे को रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 1,62,000 रुपये की ठगी की थी।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मोहना निवासी रघुवीर ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी कि उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और कहा कि उसका बेटा रेप केस में फंस गया है। बेटे को बचाने के लिए उसने 10 लाख रुपये की मांग की। डर के कारण रघुवीर ने आरोपी को अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1,62,000 रुपये भेज दिए।

शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने राजस्थान के दौसा जिले के रहने वाले राजेंद्र सिंह मीणा (25) और विष्णु मीणा (21) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पता चला कि राजेंद्र उस बैंक खाते का मालिक था जिसमें ठगी की रकम आई थी। उसने यह खाता विष्णु को दिया था, और विष्णु ने यह खाता आगे ठगों को उपलब्ध कराया। खाते में ठगी के करीब 32,000 रुपये आए थे।

दोनों आरोपी शिक्षित हैं राजेंद्र बी.ए. पास है जबकि विष्णु ने 12वीं तक पढ़ाई की है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है ताकि मामले की आगे जांच की जा सके।