August 23, 2026

ऑनलाइन ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News : लोगों के साथ ऑनलाइन ठगी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर अपराध थाना पुलिस टीम ने दो अपराधियों को काबू किया है। जो बैंक कर्मचारी बन लोगों को कॉल कर उनको लोन दिलाने का झांसा देते थे और फिर उसके बाद उनके साथ ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।

ऐसा ही कुछ तिरखा कॉलोनी में रहने वाले महेंद्री के साथ हुआ है। 13 जुलाई को आरोपियों ने पीड़ित के पास बैंक कर्मचारी बनकर फोन किया और शिकायतकर्ता पीड़ित उनकी बातों में आ गया। जिस पर आरोपियों ने शिकायतकर्ता के खाते से 1 लाख 79 हजार 999 रुपए निकाल लिए।

उपरोक्त वारदात के संबंध में शिकायतकर्ता द्वारा साइबर अपराध थाना में सूचना देने पर मामला धोखाधड़ी के तहत दर्ज कर तुरंत मामले की जांच कर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी। जिसके लिए इंस्पेक्टर बसंत प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। इंस्पेक्टर बसंत प्रभारी साइबर अपराध थाना के साथ कार्य करते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यम से साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की पहचान की।

जिसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी रोशन विश्वकर्मा पुत्र छोटेलाल निवासी विजय नगर गाजियाबाद उत्तर प्रदेश और सोनू पुत्र श्यामलाल निवासी संगम विहार दिल्ली को फरीदाबाद बॉर्डर एरिया से गिरफ्तार किया।

पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ के लिए 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एनसीआर में बैंक कर्मचारी बन कर लोन दिलाने के नाम पर अब तक 30 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दे चुके है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने में उनके साथ एक अन्य आरोपी भी शामिल था, जो कि लोगों के मोबाइल नंबर और धोखाधड़ी के पैसे अकाउंट में डालने वाला अकाउंट भी उन्हें उपलब्ध कराता था। साइबर अपराध थाना पुलिस टीम द्वारा फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है उसको भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उपरोक्त दोनों आरोपियों का रिमांड पूरा होने पर आज उन्हें पेश अदालत कर जेल भेजा गया है।