March 8, 2026

ट्रैक्टर चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी किया गया ट्रैक्टर बरामद

Faridabad/Alive News: अपराध शाखा उचागांव की टीम ने ट्रैक्टर चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी किया गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया गया है।

थाना सेक्टर-8 में रोहित, निवासी खेरी (कुरुक्षेत्र) हाल मयूर विहार, दिल्ली ने शिकायत दी थी कि उसका एचसीके इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड नाम से सेक्टर-20 बी, फरीदाबाद में ऑफिस है और वह रोड निर्माण का काम करता है। 24 जून को उसने अपने ड्राइवर रोहन को ट्रैक्टर लाने के लिए फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद मिला। जब रोहित मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि ट्रैक्टर वहां से गायब है। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जांच के दौरान अपराध शाखा उचागांव की टीम ने कार्रवाई करते हुए रोहन (36) निवासी बांका, बिहार हाल सेक्टर-4 फरीदाबाद और उसके साथी अजय यादव (29) निवासी गांव सिरसिया, जिला देवरिया (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि रोहन ट्रैक्टर चलाता था और उसने अपने दोस्त अजय के साथ मिलकर ट्रैक्टर चोरी करने की योजना बनाई। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और ट्रैक्टर को चोरी कर अजय के गांव सिरसिया ले गए थे।

पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।