Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने टेलिग्राम टास्क के नाम पर ठगी करने के एक मामले में कार्रवाई करते हुए खाताधारक सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जीवन नगर, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में दी शिकायत में आरोप लगाया कि 05 अगस्त 2025 को उसे टेलिग्राम पर एक लिंक प्राप्त हुआ। लिंक पर क्लिक करने के बाद वह एक टेलिग्राम ग्रुप से जुड़ गया, जहां उसे टास्क पूरा कर पैसे कमाने का लालच दिया गया। ठगों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने उनके बताए अनुसार विभिन्न टास्क किए और बताए गए बैंक खातों में कुल 1,37,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। टास्क पूरा करने के बावजूद उसे कोई भुगतान नहीं किया गया। जिस शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि जांच के दौरान साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गोवर्धन नायक(19) व उगमाराम (19) निवासी जिला जयपुर राजस्थान को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गोवर्धन खाताधारक है जिसने अपना खाता आगे उगमाराम को दिया था। गोवर्धन 8वीं व उगमाराम 12वीं पास है। खाते में ठगी के 35 हजार रुपये आये थे।

