March 7, 2026

शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 16.60 लाख की ठगी, गुजरात के दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर 35 के एक व्यक्ति से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 16 लाख 60 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायतकर्ता ने बताया कि 20 मई को उसके व्हाट्सएप पर “Bajaj K 72-Stock” नाम से एक ग्रुप से जुड़ा मैसेज आया। ग्रुप एडमिन ने खुद को बजाज फाइनेंशियल सिक्योरिटीज लिमिटेड के सीईओ पॉपपुरव झावेरी की सेक्रेटरी बताया और उसे एक एप डाउनलोड करने को कहा। इसके बाद धीरे-धीरे शेयर बाजार में निवेश के नाम पर शिकायतकर्ता से 16.60 लाख रुपये ट्रांजैक्शन के जरिए मंगवा लिए गए। लेकिन जब उसने पैसे वापस लेने चाहे तो नहीं मिले।

साइबर थाना सेंट्रल ने जांच के बाद दो आरोपियों भरत भाई (उम्र 36) और मोहित रावत भाई (उम्र 24), निवासी जिला अमरेली (गुजरात) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि भरत ने अपना बैंक खाता मोहित को इस्तेमाल करने के लिए दिया था। खाते में ठगी के 7 लाख रुपये जमा हुए थे। भरत बारहवीं पास है और मोहित ग्रेजुएट है।

पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर 4 दिन की रिमांड पर लिया है, ताकि आगे की जांच की जा सके।