Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस की क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमों ने दो अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो देसी कट्टे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार क्राइम ब्रांच बॉर्डर टीम ने राकेश निवासी चैनपुर, जिला सिवान (बिहार), हाल निवासी सीकरी फरीदाबाद को बाईपास रोड सराय ख्वाजा से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह कट्टा दिल्ली में एक अज्ञात व्यक्ति से 3,500 रुपये में खरीदा था। आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी के दो मामले दर्ज हैं।
वहीं दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने मुबारिक निवासी फतेहपुर तंगा, हाल निवासी सुभाष कॉलोनी फरीदाबाद को एतमादपुर पुल के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से भी एक देसी कट्टा मिला। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने यह कट्टा अलीगढ़ से एक अज्ञात व्यक्ति से 5 हजार रुपये में खरीदा था। उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी पहले से मौजूद है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

