Faridabad/Alive News: अपराध शाखा की टीमों ने अलग-अलग मामलों में अवैध नशा बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 550 ग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए राहुल, निवासी यमुना विहार दिल्ली, को दशहरा ग्राउंड सेक्टर-31 के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 350 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि वह 1 किलो गांजा दिल्ली के सदर बाजार से 8 हजार रुपये में खरीद कर लाया था, जिसमें से कुछ गांजा वह पहले ही बेच चुका था।
वहीं दूसरी कार्रवाई में अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने पवन, निवासी तिगांव, को तिगांव इलाके से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 200 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह गांजा फरीदाबाद में ही एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था और इसे बेचकर मुनाफा कमाने की योजना बना रहा था। आरोपी के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के चार मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।

