June 6, 2026

हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के डबुआ इलाके में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा DLF की टीम ने की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राधे (डबुआ कॉलोनी निवासी) और सन्नी उर्फ नंदन (मूल रूप से फिरोजाबाद, यूपी, हाल निवासी डबुआ कॉलोनी) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले पवन कुमार ने शिकायत दी थी कि 4 मार्च को उसका छोटा भाई संजीव कुमार अपने एक दोस्त से मिलने जा रहा था। जब वह रतिराम मार्ग पर शुक्ला आटा चक्की के पास पहुंचा, तो वहां मौजूद बादल, राधे, सन्नी, बिल्ला, करण और अन्य लोगों ने उस पर हमला कर दिया।

हमले में संजीव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान 15 मार्च को उसकी मौत हो गई। इस मामले में थाना डबुआ में केस दर्ज किया गया था।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि संजीव ने पहले आरोपी बादल की बहन के साथ बदतमीजी की थी। इसी बात को लेकर बादल ने अपने साथियों के साथ मिलकर संजीव की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी बादल और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।