Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, शिकायतकर्ता हरपाल (निवासी कैली) ने बताया कि वह रिकवरी वैन का काम करता है। 10 दिसंबर को उसके पार्टनर का बेटा प्रतीक हिसाब करने के लिए कैली बाईपास स्थित उसके ऑफिस आया था। वहीं पर प्रतीक और ड्राइवर पप्पू (जो शिकायतकर्ता की मौसी का लड़का है) के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद प्रतीक धमकी देकर वहां से चला गया।
कुछ समय बाद प्रतीक अपने तीन साथियों के साथ फिर ऑफिस पहुंचा और पप्पू के साथ मारपीट करने लगा। इसी दौरान प्रतीक ने चाकू निकालकर पप्पू के पेट में वार कर दिया। घटना के आधार पर थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज किया गया।
क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों प्रतीक (निवासी राजा नाहर सिंह कॉलोनी) और सचिन (निवासी शिवाजी नगर) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने वारदात कबूल की।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

